शराब के नशे में युवक ने पत्नी से मारपीट के दौरान लाठी चला दी। लाठी मां की गोद में बैठी बच्ची के सिर पर जा लगी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पिता मौके से फरार हो गया। महिला ने पति के विरुद्ध गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम चनोखर निवासी रमेश के पास ढाई बीघा खेती है। वह मजदूरी भी करता है।
सोमवार देर शाम रमेश शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा तो उसकी पत्नी रामेश्वरी ने नाराजगी जताई। इस पर रमेश को गुस्सा आ गया और उसने पास पड़ी लाठी से रामेश्वरी पर वार कर दिया।
रामेश्वरी ने खुद को बचाया तो लाठी उसकी गोद में खेल रही दो वर्षीय पुत्री दिव्यांशी के सिर पर जा लगी। लाठी लगते ही दिव्यांशी की मौत हो गई तो रामेश्वरी बिलख पड़ी।
रमेश मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी पर ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। बघौली थानाध्यक्ष फूलचंद्र सरोज ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि रमेश शराब पीने और जुआ खेलने का आदी है। रामेश्वरी की तहरीर पर रमेश के विरुद्ध गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
रमेश की तलाश की जा रही है। दिव्यांशी अपने मां-बाप की इकलौती पुत्री थी। उसके दो बड़े भाई मिथुन और हरिकेश हैं।
नशे में पत्नी को पीटा, लाठी लगने से बच्ची की मौत
पत्नी के विरोध जताने पर भड़का युवक, गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज