अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम चिंतनपुरवा निवासी जिस अधेड़ के अपहरण का आरोप भाजपा सांसद, उनके चाचा गोपामऊ विधायक और विधायक के प्रधान पुत्र पर लगा था, वह शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर में घूमता मिला। उसने बताया कि गुरुवार रात दो बजे उसे छोड़ दिया गया। अपहरण किसने किया और उसे कहां रखा गया, इस बारे में वह कुछ भी कहने से बचता रहा। विधायक पुत्र ने अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी से अपहरण की झूठी शिकायत करने वाले के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
चिंतनपुरवा निवासी राघवेंद्र कुमार ने गुरुवार को डीआईजी को भेजे शिकायती पत्र में कहा था कि भूमि विवाद के कारण सदर सांसद अंशुल वर्मा, गोपामऊ के भाजपा विधायक श्याम प्रकाश और विधायक के पुत्र भड़ायल के ग्राम प्रधान रवि प्रकाश ने उसके पिता सियाराम का अपहरण कर लिया है। शिकायती पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने और मीडिया में प्रकाशित होने के बाद शुक्रवार को सियाराम कलक्ट्रेट परिसर पहुंच गया। यहां उसे कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष और अधिवक्ता के साथ देखा गया। कुछ देर बाद वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी घूमता नजर आया। इसकी जानकारी पर टड़ियावां थानाध्यक्ष अशोक यादव मौके पर पहुंचे और उसकी वीडियो रिकार्डिंग की। अपहरण के बारे में पूछे जाने पर सियाराम ने कहा कि आधी रात के बाद दो बजे उसे छोड़ा गया है।
अपहरण के बाद उसे कहां ले जाया गया, कहां छोड़ा गया और कहां रखा गया के सवाल पर उसने चुप्पी साध ली। उधर दूसरी ओर विधायक पुत्र रवि प्रकाश ने अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी त्रिगुण विशेन से मिलकर झूठी शिकायत करने वाले के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान चुनाव की रंजिश के कारण कुछ लोगों के इशारे पर सियाराम और उसका पुत्र गलत आरोप लगा रहे हैं।
कलक्ट्रेट में घूमता मिला अधेड़, अपहरण पर साधी चुप्पी
- भाजपा सांसद, विधायक और उनके पुत्र पर लगाया गया था आरोप
- विधायक पुत्र बोले, झूठी शिकायत करने वाले पर हो रिपोर्ट