पाली (हरदोई)। थाना क्षेत्र के ग्राम हड़हा मलिकापुर में गुरुवार शाम तिलक समारोह में हुई हर्ष फायरिंग में गोली लगने से महिला घायल हो गई। परिजन जीने से गिरने के कारण उसे चोट लगने के बात कह रहे हैं। पुलिस ने एक व्यक्ति की रायफल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम हड़हा मलिकापुर निवासी रामकृष्ण पांडे के बेटे वरुण का गुरुवार को तिलक था। देर शाम रस्में पूरी की जा रही थीं। इस बीच वरुण के परिवार के ही कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। रायफल से निकली गोली छज्जे से टकराने के बाद पास ही खड़ी वरुण की ममेरी बहन गीता (38) निवासी बरेली के सिर को छूती निकल गई। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। गीता को नगर के प्राइवेट चिकित्सक के पास ले जाया गया। चोट गहरी न होने के कारण चिकित्सक ने ड्रेसिंग कर उसे घर भेज दिया। सीओ शाहाबाद उमाशंकर सिंह और एसओ पाली वीरेंद्र सिंह ने लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घायल महिला से पूछताछ करने की कोशिश की तो परिजन विवाद करने लगे। पुलिस ने वरुण के चाचा की रायफल कब्जे में ली है। एसओ वीरेंद्र तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।