सांडी। कस्बा तिराहे पर सोमवार सुबह दिल्ली से सवारियां लेकर आ रही निजी बस में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान पास में मिले मोबाइल व आधार कार्ड से शिनाख्त होने पर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के आने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव के मजरा बरनई निवासी विनोद (30) पुत्र परशुराम अविवाहित था। वह दो भाइयों में बड़ा था। कई सालों से दिल्ली में सिलाई का काम करता था। रविवार को दिल्ली से डबल डेकर बस से घर आ रहा था। सोमवार सुबह बस सांडी कस्बा में तिराहे पर रुकी। परिचालक आमिर टिकट चेक करने लगा। आमिर ने विनोद को सीट पर मृत पड़ा देखा। इसपर उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसकी जेब से मोबाइल व आधार कार्ड के जरिए परिजनों को सूचना दी। पिता अन्य परिजनों के साथ मौके पर आ गए। मृतक के पिता ने आरोप से इंकार किया है। एसओ राकेश आनंद ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।