प्रतापनगर के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत प्रतापनगर चौराहा के निकट शुक्रवार को हुए विस्फोट के मामले में जांच के लिए रविवार को मिलिट्री बम स्क्वायड भी पहुंचा। स्क्वायड में शामिल फौजियों ने मौके पर जाकर जांच की।
साथ ही मौके के अलावा प्रभारी निरीक्षक से भी विस्फोट के बाद बरामद हुई वस्तुओं को जांच के लिए हासिल किया। उधर, दूसरी ओर प्रभारी निरीक्षक ने विस्फोट के बाद मिले बारूद को जांच के लिए आगरा स्थित प्रयोगशाला भेजने की बात कही है।
शुक्रवार की दोपहर प्रतापनगर चौराहा के निकट नूर मोहम्मद के मकान में दोपहर लगभग 12 बजे विस्फोट हो गया था। विस्फोट में नूर मोहम्मद की 16 वर्षीय पुत्री आसमां की मौत हो गई थी। नूर मोहम्मद के मकान के साथ दो और मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए थे।
इस प्रकरण में पुलिस ने प्रतापनगर चौकी प्रभारी की तहरीर पर नूर मोहम्मद के विरुद्ध गैरइरादतन हत्या और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही उसका चालान शांतिभंग में कर दिया था। रविवार को लखनऊ से आए मिलिट्री बम स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर लगभग दो घंटे तक जांच की।
इन लोगों ने प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर सिंह से भी घटना के बाबत जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक ने घटना के बाद ही मौके से बरामद हुई कुछ वस्तुओं को भी जांच के लिए बम स्क्वायड को उपलब्ध कराया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्राथमिक सूचना सिलिंडर फटने से घटना होने की मिली थी, लेकिन मौके पर जांच के बाद शाम को यह स्पष्ट हो गया था कि बारूद के चलते ही विस्फोट हुआ था। इसीलिए विस्फोटक अधिनियम की धारा भी लगाई गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मौके पर कई ऐसी वस्तुएं मिलीं हैं जिनसे यह पता चलता है कि आतिशबाजी बनाने के लिए बारूद एकत्र थी।
मिलिट्री बम स्क्वायड ने प्रतापनगर पहुंच की जांच
शुक्रवार को हुए विस्फोट में एक किशोरी की हो गई थी मौत
बारूद का नमूना प्रभारी निरीक्षक ने आगरा प्रयोगशाला भेजा