सुरसा (हरदोई)। थाना क्षेत्र में सेमरा चौकी से चंद कदम दूर बदमाशों ने सपा नेता की गैस एजेंसी को निशाना बनाया। असलहे के बल पर चौकीदार को बांधकर 198 सिलिंडर और नगदी लूट ले गए। डकैती की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेमरा चौराहे पर सपा नेता सुभाष पाल की फतियापुर नाम से गैस एजेंसी है। जिस पर फतियापुर निवासी पातीराम पुत्र मोती चौकीदार है। शुक्रवार रात पातीराम गेट के सामने चारपाई डालकर सो रहा था। रात 11 बजे नकाबपोश छह बदमाश आए। उन्होंने असलहे के दम पर पातीराम को बंधक बना लिया। इसके बाद गोदाम का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। पातीराम के अनुसार चार घंटे में बदमाश चार बार में 198 भरे सिलिंडर, बीस गैस चूल्हे, एक प्रिंटर, 38 सौ रुपये और मोबाइल लेकर फरार हो गए। चौकीदार ने गैस एजेंसी मालिक सुभाषपाल को घटना की जानकारी दी। मालिक के आने पर उसने पुलिस को तहरीर दी है। एसओ संतोष तिवारी ने बताया कि घटना संदिग्ध लग रही है। चौकीदार की तहरीर पर छह बदमाशों के खिलाफ डकैती की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद मामले की सच्चाई सामने आएगी।