अमर उजाला ब्यूरो
हरपालपुर। थाना क्षेत्र के बांसी गांव में दो पक्षों के बीच हुए मामूली विवाद में दूसरे पक्ष के लोंगों ने गर्भवती को लाठी-डंडे से पीट दिया। परिजन उसे सीएचसी ले गए। जहां पर हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पर महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
हरपालपुर थाना क्षेत्र के बांसी गांव निवासी रामनिवास की पत्नी राजेश्वरी (30) गर्भवती है। रविवार को रामनिवास का बेटा मोहित घर के सामने लगे इंडिया मार्का हैंडपंप पर नहाने गया था। मोहित के नहाते समय गांव निवासी युवक ने पानी इधर-उधर डालने की बात कहते हुए नहाने से मना किया। इसी बात को लेकर युवक मोहित को गालीगलौज करने लगा। इसी दौरान राजेश्वरी भी हैंडपंप के पास पहुंच गई। वह बेटे को गाली गलौज देने की बात का विरोध करने लगी। इसी बात को लेकर विवाद होने लगा। विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने राजेश्वरी को लाठी-डंडे से पीट दिया। पिटाई से राजेश्वरी को गंभीर चोटें आई। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। हालत बिगड़ती देख परिजन उसे सीएचसी ले गए। जहां पर हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी एसओ गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि इस संबंध में उन्हें अभी कोई सूचना या तहरीर नहीं मिली है। बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- गर्भवती को लाठी-डंडों से पीटा, हालत गंभीर
- हरपालपुर थाना क्षेत्र के बांसी गांव की निवासी है गर्भवती
- सीएचसी में हालत गंभीर होने पर जिला अस्पातल रेफर