अमर उजाला ब्यूरो
कछौना(हरदोई)। कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रैसों में एक विवाहिता ने ससुरालीजनों पर केरोसिन डालकर जलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। विवाहिता ने गुरुवार को कछौना कोतवाली में पिता के साथ पहुंचकर तहरीर दी।
कासिमपुर थानाक्षेत्र के ग्राम रिठवे निवासी श्यामू ने पुत्री उमा की शादी लगभग ढाई वर्ष पूर्व कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रैसों निवासी परसादी के पुत्र अखिलेश के साथ की थी। उमा के मुताबिक शादी के बाद से ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। उसके साथ आए दिन मारपीट की जाती थी। उमा का आरोप है कि गुरुवार को वह अपनी ससुराल में थी। वहां पति अखिलेश ने अपने पिता परसादी के साथ मिलकर उसे पीट दिया। यह केरोसिन डालकर जलाने का प्रयास करने लगे। वह जान बचाकर घर से भाग निकली। घटना की जानकारी मोबाइल पर पिता व अन्य लोगों को दी। परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजन उसे लेकर कछौना कोतवाली पहुंचे। यहां उमा ने सास-ससुर और पति पर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
उमा ने बताया कि डेढ़ साल की पुत्री को ससुरालीजनों ने छीन लिया है। जेवर भी रख लिए। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
विवाहिता को ससुराल में जिंदा जलाने का प्रयास
- कछौना कोतवाली क्षेत्र के रैसों की घटना, सास-ससुर और पति के विरुद्ध दी तहरीर