हरदोई। चोरों ने सोमवार की रात अरवल थाना क्षेत्र के दहेलिया गांव स्थित देसी शराब की दुकान का ताला तोड़ दिया। यहां से बदमाश डेढ़ लाख रुपये की कीमत की 50 पेटी शराब चुरा ले गए। ठेकेदार की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अरवल थाना क्षेत्र के टिकार गांव निवासी राघवेंद्र प्रताप सिंह की दहेलिया गांव में देसी शराब की दुकान है। सेल्समैन अवधेश कुमार सोमवार की शाम दुकान बंद करके घर चला गया। सुबह पास के लोगों ने दुकान का ताला टूटा देख अवधेश व राघवेंद्र को सूचना दी। इस पर राघवेंद्र व अवधेश मौके पर पहुंच गए। दुकान का ताला टूटा मिला। अंदर रखी डेढ़ लाख रुपये की कीमत की 50 पेटी शराब गायब थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। एसओ ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि ठेकेदार राघवेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।