हरदोई। फत्तेपुरगयंद गांव स्थित ननिहाल में रह रहे युवक ने बुधवार की रात गांव के बाहर बाग में पेड़ से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
फर्रुखाबाद के कस्बा राजेपुर निवासी अमित कुमार (35) कोतवाली शाहाबाद के ग्राम फत्तेपुर गयंद निवासी नाना के यहां परिवार के साथ रहता था। अमित ने बुधवार की रात गांव के बाहर एक पेड़ में रस्सी से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। आसपास से गुजर रहे लोगों ने युवक का शव फांसी पर लटकता देख पुलिस व परिजनों को सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने बताया कि अमित विवाहित था, उसके तीन बच्चे हैं। वह टेंपो चलाता था। बताया कि दस दिन पूर्व एक एक्सीडेंट में टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया था, नुकसान होने के बाद से वह काफी परेशान चल रहा था। शाम को बिना कुछ बताए घर से निकला था, रात में उसकी मौत होने की खबर मिली। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है।