हरदोई। बकरीद में चाचा के घर से बहन के साथ बाइक से लौट रहे युवक की दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि बहन घायल हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम चौधरियापुर निवासी अकरम का मकान सांडी तिराहे पर है। बुधवार की रात अकरम का पुत्र अफजल (18) अपनी बहन तब्बू (12) को बाइक से लेकर सांडी के मुशीगंज में रहने वाले अपने चाचा राफे के मकान पर गया था। वहां से वापस आते समय चौधरियापुर मोड़ के पास धर्मकांट के निकट दूसरी बाइक ने अफजल की बाइक में टक्कर मार दी। घटना में भाई-बहन घायल हो गए। आनन फानन ही दोनों को अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर अफजल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन निजी वाहन से उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही अफजल की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।