हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मानीमऊ में मेड़ के विवाद में दो सगे भाइयों ने तीसरे पर फावड़े से हमला कर दिया। फावड़ा लगने के कारण अधेड़ किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
ग्राम मानीमऊ निवासी तिलक सिंह (50) खेती करता है। सगे भाइयों से उसका भूमि के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। गुरुवार की सुबह वह खेत में धान की रोपाई कर रहा था। इसी दौरान उसके दो सगे भाई मेड़ काटने लगे। तिलक के विरोध करने पर इन लोगों ने फावड़े से हमला कर दिया। सिर और हाथ में फावड़ा लगने से तिलक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मारपीट करने वाले फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन तिलक को बेहोशी की हालत में पहले लोनार कोतवाली ले गए, जहां से पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।