हरदोई। शहर कोतवाली में सोमवार को दर्ज अपहरण के मामले में न्यायालय ने मंगलवार को भले ही आरोपी को रिहा कर दिया, लेकिन इसके चंद घंटों बाद ही वायरल हुए वीडियो ने आरोपी की मुसीबत बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में छोटे गाजी अपने साथ भूरे सिंह को पहले पैदल और फिर बाइक पर ले जाता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच नए सिरे से शुरू कर दी है। हालांकि भूरे सिंह न्यायालय में अपहरण की बात को खारिज कर चुका है।
सोमवार को ग्राम रमुआपुर निवासी श्रीनिवास ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि साखिन के प्रधान के पति छोटे गाजी उर्फ मोहम्मद हनीफ गाजी ने ढपरापुर निवासी भूरे सिंह का अपहरण कर लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छोटे गाजी को गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार को भूरे सिंह ने सीजेएम कोर्ट में बयान दे दिया कि उसका अपहरण ही नहीं हुआ था। इसी आधार पर सीजेएम ने रिमांड निरस्त कर छोटे गाजी को रिहा कर दिया गया। छोटे गाजी के रिहा होने के बाद मंगलवार रात सोशल मीडिया पर कथित अपहरण का वीडियो वायरल हो गया। इस वीडियो में छोटे गाजी भूरे सिंह को अपने साथ पहले पैदल और फिर बाइक पर ले जाता दिख रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाने में लग गई। एसपी अजय कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच फिर से की जा रही है।
पुलिस रिकार्ड के मुताबिक छोटे गाजी हिस्ट्रीशीटर है। एसपी अजय कुमार ने बताया कि छोटे गाजी की हिस्ट्रीशीट टड़ियावां थाने में खुली हुई है। उस पर आठ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी एसपी ने दी। वन संरक्षण अधिनियम के कई मामले उस पर दर्ज हैं, तो बलवा और घर में घुसकर मारपीट करने का मामला भी उस पर है। गैंगस्टर एक्ट के तहत भी उस पर मामला दर्ज है।