सांडी। थाने के पास स्थित ताला बंद मकान में बल्ली लगाकर घुसे चोरों ने कमरों के ताला तोड़ किराए पर रह रहे तीन शिक्षकों के यहां से जरूरी सामान चुरा लिया। जानकारी होने पर रविवार को मकान मालिक ने कोतवाली पहुंच कर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
थाना परिसर से चंद कदम दूरी पर देवेंद्र सिंह का मकान है। देवेंद्र सिंह हरदोई में रहते हैं, जबकि मकान के ऊपरी हिस्से में शिक्षक नीरज, राजू व अजय किराए पर रहते हैं। देवेंद्र सिंह ने थाने पहुंच कर पुलिस को बताया कि तीनों शिक्षक दीपावली का अवकाश होने पर घर गए थे। बताया कि देर रात चोरों ने मकान की दीवार पर बल्ली लगा दी और छत पर पहुंच गए। चोरों ने तीनों कमरों के ताला तोड़ कर अंदर रखा सामान चुरा लिया। देवेंद्र सिंह ने बताया कि पड़ोसी रविवार की सुबह अपनी दुकान खोलने आए तो बल्ली लगी देख उन्हें चोरी की आशंका हुई, जिस पर पड़ोसी आशुतोष ने उन्हें फोन किया। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर आए तो छत का जाल व कमरों का ताला टूटा मिला। देवेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी गए सामान के बारे में शिक्षकों के आने के बाद ही पता चलेगा। एसओ रामलखन ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी।