हरदोई। आरएफसी लखनऊ संतोष कुमार ने शुक्रवार को हरदोई मंडी व शाहाबाद मंडी स्थित क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर धान खरीद की स्थिति जानी। आरएफसी ने केंद्र प्रभारियों को मानक अनुरूप खरीद करने व मानक के नाम पर किसानो को परेशान न करने के निर्देश दिए। कहा कि सभी इंचार्ज केंद्रों पर बारदाने समेत अन्य इंतजाम पूरी तरह दुरुस्त रखें। हरदोई मंडी पहुंचे आरएफसी (संभागीय खाद्य नियंत्रक) संतोष कुमार ने अक्तूबर में खरीद शुरू न होने के बाबत जानकारी ली तो केंद्र प्रभारियों ने बताया कि बाजार में धान की आवक काफी लेट है। जो धान बाजार में आ भी रहा है वह मानक अनुरूप नहीं है। आरएफसी ने किसानों के बैठने समेत क्रय केंद्र पर किए जाने अन्य जरूरी इंतजामों के बारे में भी जानकारी ली। कहा कि धान खरीद का प्रमुख उद्देश्य किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना का लाभ देना है। यह सरकार की प्राथमिकता है, इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्र पर आने वाले किसानों का धान खरीदा जाए, मानक संबंधित समस्या आने पर उच्चाधिकारियों व मानक जांच के लिए गठित कमेटी से परामर्श लिया जाए। आरएफसी ने मंडी स्थित विपणन, पीसीएफ, एसएफसी आदि के क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने के बाद शाहाबाद मंडी पहुंच कर वहां स्थित क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस मौके पर डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।