शिव प्रसाद की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम दलेलपुर में मकान से दस कदम की दूरी पर बने हाते में सोमवार की देर रात किसान संदिग्ध हालात में बेहोश पड़ा मिला। शरीर पर चोटों के निशान भी मिले। परिजन उसे लेकर उपचार के लिए लखनऊ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मंगलवार को परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, तो पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम दलेलपुर निवासी शिव प्रसाद (35) खेती करता था। सोमवार को वह पत्नी ऊषा को उसके मायके लालपुर छोड़कर वापस आया था। सोमवार शाम दो लोग घर आए और मकान के सामने बने हाते में शिव प्रसाद को लेकर चले गए। देर रात तक जब वह वापस घर नहीं आया तो परिजन उसे बुलाने के लिए हाते में गए। यहां शिव प्रसाद बेहोश पड़ा मिला। परिजन उसे लेकर लखनऊ जा रहे थे, मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी ऊषा ने अज्ञात लोगों पर हत्या की आशंका जताई। शिव प्रसाद के चचेरे भाई विष्णु ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
अतरौली के प्रभारी निरीक्षक महेशचंद्र पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।