हरपालपुर। थाना क्षेत्र के नगरा चौधरपुर गांव में चुनावी रंजिश को लेकर बुधवार की दोपहर परिवार के ही युवकों ने वृद्ध महिला व उसकी तीन बहुओं के साथ मारपीट की। मारपीट की घटना में चारों महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
थाना क्षेत्र के नगरा चौधरपुर गांव निवासी मीरा देवी (60) ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार की दोपहर वह अपनी बहू बेबी (35), रेनू (40), ममता (38) के साथ दरवाजे के पास बैठी थी। इसी बीच चुनावी रंजिश के चलते परिवार के ही भतीजों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
जिसमें वह और उसके तीनों बहुएं घायल हो गईं। परिजनों ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है। कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।