अतर्जी पोलिंग बूथ का जायजा लेकर जाते कोतवाल शाहाबाद शिवशंकर सिंह व अन्य। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम अतर्जी में पंचायत चुनाव के मतदान के दौरान बीती 15 अप्रैल को हुए बवाल को लेकर जांच शुरू हो गई है। पूरे मामले की जांच शाहाबाद कोतवाल को सौंपी गई है। शाहाबाद कोतवाल ने सोमवार को अतर्जी पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम अतर्जी में बीती 15 अप्रैल को बूथ संख्या 87 पर फर्जी मतदान करने का आरोप लगाकर कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी उपद्रवियों ने पथराव किया था। घटना में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी कपिल देव सिंह समेत कई पुलिस कर्मी घायल हो गए थे। पाली के प्रभारी निरीक्षक राजेश राय की तहरीर पर 10 लोगों को नामजद करते हुए 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था और एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। पूरे मामले में पाली के प्रभारी निरीक्षक के ही वादी होने के कारण इसकी जांच किसी दूसरे कोतवाल से कराने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में पूरे प्रकरण की जांच शाहाबाद के कोतवाल शिवशंकर सिंह को सौंपी गई है। सोमवार को शिवशंकर सिंह ग्राम अतर्जी पहुंचे और मामले की जांच की। शाहाबाद कोतवाल ने बताया कि घटनास्थल का नक्शा नजरी बना लिया गया है। अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।