हरदोई। चुनावी रंजिश के चलते गुरुवार को नेवादा गांव में दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें 12 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। पुलिस ने 30 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्राम नेवादा निवासी अनुराग अवस्थी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गुरुवार को वह बैंक जा रहा था। गांव के पास ही चुनावी रंजिश के चलते गांव के ही रहने वाले प्रशांत दीक्षित, प्रेम दीक्षित, सुरेंद्र दीक्षित, राधारमण दीक्षित, शिवकांत दीक्षित व आशीष दीक्षित समेत अन्य लोगों ने उसे रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर मुन्ने खां, उनकी बेटी महजबीन, बेटा शाहिद एवं उनके परिवार की इरम, वारिस व शिबू बीच बचाव करने आए, इस पर आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। जिसमेें वह सभी घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के अंकित दीक्षित ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि चुनावी रंजिश के चलते गुरुवार को दुर्गेश अवस्थी, कल्लू, सीबू, मुन्ने समेत 20 अन्य लोग उसे व उसके भाई प्रशांत के साथ गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। बताया कि आरोपियों ने उन दोनों के साथ ही बीच बचाव कराने पर परिवार के नयन, श्रेया दीक्षित व सरोज दीक्षित को भी मारापीटा, जिसमें वह सभी घायल हो गए। कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है। तीन लोग गंभीर रूप से घायल थे, जिन्हें चिकित्सकों द्वारा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।