शाहाबाद। ग्राम ककरघटा निवासी महेंद्र गुप्ता की कस्बे में गुलाब बैंड चौराहे के पास सराफा व रेडीमेड की दुकान है। महेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार की रात दुकान बंद करने के बाद महेंद्र बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में मीरपुर गन्नू के पास बाइक पर सवार दो युवकों ने उसकी बाइक में धक्का मार दिया। इस पर उसकी व युवकों की बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी।
बताया कि किसी तरह वहां से उठकर वह खेतों की तरफ भागने लगा। कुछ दूर जाने पर पीछे से आए बदमाशों ने उसे पकड़ लिया। बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया और 11 हजार रुपये व दो मोबाइल लूट लिए। इसके बाद बदमाश भाग गए। बताया कि घटना के बाद उसकी सूचना पर पुलिस मौके पर आ गई और जांच की। जांच के दौरान एक मोबाइल सड़क किनारे पड़ा मिला। प्रभारी कोतवाल इफ्तियार हुसैन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)