हरदोई। कासिमपुर पुलिस ने सोमवार की रात मल्लावां की ओर से आ रहे कंटेनर से 45 गोवंश बरामद किए। चालक व तस्कर भाग निकला। पुलिस ने बरामद गोवंशों को जंगल में छुड़वा दिया है।
एसओ सुभाष चंद्र सरोज ने बताया कि गौसगंज चौकी इंचार्ज आदित्य मौर्या व एसआई संजय सिंह सोमवार की रात पुलिस टीम के साथ गौसगंज के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस बीच सूचना मिली कि कुछ लोग कंटेनर से गोवंशों की तस्करी कर रहे हैं। पुलिस ने बैरियर लगाकर जांच शुरू की। बताया कि कुछ देर बाद मल्लावां की ओर से एक कंटेनर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा किया तो कंटेनर को छोड़कर चालक व अन्य भाग निकले।
पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो 45 गोवंश बरामद हुए, सभी जीवित थे। इधर, कंटेनर से गोवंश बरामद होने की सूचना मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। बताया कि बरामद सभी गोवंशों को आसपास के जंगलों में छोड़ दिया गया है।
एसओ सुभाष चंद्र सरोज ने बताया कि चालक समेत अन्य गोवंश तस्करों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।