हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम सेगरा में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत के मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम सेगरा निवासी पंकज की शादी ढाई वर्ष पूर्व पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भूधरपुरवा के मजरा फत्तेपुर निवासी रामचंद्र की पुत्री ममता (22) के साथ हुआ था। सोमवार दोपहर बाद ममता का शव संदिग्ध हालात में घर के अंदर फांसी पर लटकता मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर ममता के पिता रामचंद्र अपने अन्य परिजनों के साथ गांव पहुंच गए थे। रामचंद्र ने मृतका के पति पंकज, ससुर ब्रह्मादीन, सास बृजरानी और ननद शुभी के विरुद्ध ममता को दहेज के लिए प्रताड़ित कर मार डालने का आरोप लगाया। रामचंद्र का आरोप है कि ससुरालीजन दहेज में सोने की अंगूठी और बाइक की मांग करते थे। मंगलवार को दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने चारों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली। सांडी थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।