हरदोई। कासिमपुर के ग्राम बेहसार में सोमवार की शाम भूमि विवाद में पड़ोसियों ने वृद्ध को पीट पीट कर अधमरा कर दिया। परिजन गंभीर रूप से घायल वृद्ध को जिला अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेहसार निवासी देशराज (70) का पड़ोसी सूरज, मोनू व नीरज से मकान की भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार की शाम देशराज दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज कर उसका हमला बोल दिया। परिजनों के मुताबिक मारपीट में देशराज गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे देर शाम इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि देशराज के दो बेटे हैं, वह खेती किसानी करता था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कासिमपुर एसओ दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि सोमवार की शाम ही बेटे आशीष की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। मुकदमे को हत्या की धाराओं में तरमीम किया जा रहा है। पोस्टमार्टम आने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।