हरदोई। बैंक से रुपये निकालने के बाद परिसर के अंदर ही दो युवकों ने किसान के साथ 49 हजार रुपये की टप्पेबाजी कर दी। रुपये गिनने में मदद करने के नाम पर दोनों ने नोटों की गड्ड़ी की जगह किसान को कागज की गड्डी थमा दी और भाग गए। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज की जांच की है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरौना निवासी किसान मिश्री लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार की दोपहर वह कस्बा के मोहल्ला बड़ा चौराहा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा गया था। उसने खाते से 49 हजार रुपये निकाले। इसी दौरान बैंक के अंदर ही मौजूद दो लोग उसके पास आए और रुपये गिनने में मदद देने को कहा। इस पर उसने उन दोनों को रुपये गिनने के लिए दे दिए। बताया कि रुपयों की गिनती करने के बाद दोनों ने एक कपड़े में लपेट कर गड्डी उसे लौटा दी और चले गए। बताया कि उसने कागज हटाकर देखा तो उसमें रुपये की जगह कागज की गड्डी थी। बताया कि आस पास तलाश किया, लेकिन दोनों का कहीं पता नहीं चल सका। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और बैंक में पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी देखी। इसमें दोनों युवक रुपये गिनते हुए दिखाई दिए। कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, दोनों युवकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।