हरदोई। भरावन के ग्राम पुरवा मान के एक घर में शनिवार की रात घुसे नकाबपोश चार बदमाशों ने घर के मालिक को असलहे के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने अलमारी व बक्से में रखे घर की महिलाओं के आठ लाख रुपये की कीमत के जेवर व 80 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। परिजनों का शोर सुनकर ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चल सका। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद चोरी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेती के साथ ही घर में किराना की दुकान चलाने वाले पुरवा मान गांव निवासी सुदामा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार की रात वह और उसके परिवार के सदस्य घर के अंदर सोए हुए थे।
देर रात चार नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते घर में घुस आए। खटपट की आवाज सुनकर उसकी आंख खुल गई, उसनेे शोर मचाना चाहा। इस पर एक बदमाश ने उस पर तमंचा तानकर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने घर के कमरों में रखी अलमारी के ताले तोड़कर उसकी पत्नी, मां, भाइयों की पत्नियों के सोने के हार, झुमके, मांग बेदी, सोने की चेन व अंगूठियों समेत लगभग आठ लाख रुपये का जेवर एवं 80 हजार रुपये की नगदी लूट ली। घटना के अंजाम देने के बाद बदमाश भाग गए।
उसने बताया कि बदमाशों के घर से निकलने पर उसने शोर मचा दिया। इस पर ग्रामीणों ने गांव के बाहर तक बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश गांव के बाहर पहले से ही खड़ी बाइकों पर सवार होकर भाग गए। घटना की जानकारी मिलने पर सुबह एसओ संजीव शर्मा ने मौके पर पहुंच जांच की। एसओ ने बताया कि तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर चोरी की धाराओं में रिपोट दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।