हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मढ़िया में बुधवार की देर शाम विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर पीट-पीटकर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करनपुर मढ़िया निवासी अमित का विवाह चार वर्ष पूर्व बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम दुलारपुर उचौली निवासी अवधेश सिंह की पुत्री पूनम (25) के साथ हुआ था। बुधवार की देर शाम पूनम का शव संदिग्ध हालात में मकान के अंदर फांसी पर लटकता मिला। सूचना पर पूनम के पिता अवधेश अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए। अवधेश का आरोप है कि दामाद अमित उससे 20 बीघा भूमि का बैनामा करने की जिद कर रहा था। न करने पर नाराज होकर अमित ने परिजनों के साथ मिलकर पूनम की पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को फांसी पर लटका दिया। अवधेश की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि घटना को लेकर अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।