हरदोई। पांच दिन पूर्व समजलपुर के पास से ट्रक से बरामद की गई 12 टन सीप को बुधवार को पुलिस ने गर्रा नदी में छुड़वा दी। एसओ वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि बरामद माल निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है।
एसओ वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि कुछ लोग गर्रा नदी से सीप पकड़ कर उसे जुटा रहे थे। उस सीप को तस्करी कर बाहर ले जाया जाता था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पांच दिन पहले समजलपुर के पास से एक ट्रक में सीप लोड होते पकड़ी थी। ट्रक और पास ही फड़ से लगभग 12 टन सीप पकड़ी थी। दो लोगों को मौके से पकड़ कर उनके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया था। एसओ ने बताया कि बरामद की गई सीप का निस्तारण करने व उसे प्राकृतिक स्थिति में पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को एसआई रजनीश त्रिपाठी की देखरेख में उसे बरौलिया पुल से पुन: गर्रा नदी में छुड़वा दिया गया है। इसके लिए सभी कार्रवाई पूरी कर ली गई हैं। बताया कि ट्रक पुलिस के कब्जे में है, फरार चल रहे तीसरे आरोपी को तलाश किया जा रहा है।