हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम धिन्नी में बीमारी से परेशान ग्रामीण ने गुरुवार की रात गांव के बाहर एक पेड़ से गमछे के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। शुक्रवार की सुबह उसका शव मिलने की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच की।
सुरसा थाना क्षेत्र के धिन्नी गांव निवासी लालबहादुर (50) खेती करता था। गुरुवार की देर रात उसने गांव के बाहर पेड़ से फंदा लगाकर फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह आसपास से गुजर रहे लोगों ने शव देख पुलिस व परिजनों को सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि लाल बहादुर विवाहित था, उसके तीन बेटे व दो बेटियां हैं। वह खेती करता था। बताया कि लगभग दो साल से वह बीमार था। उसका इलाज भी चल रहा था। बताया कि गुरुवार की देर रात वह बिना कुछ बताए घर से निकल गया, सुबह उसका शव फांसी पर लटका होने की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।