हरदोई। माधौगंज के सरायऊदपुर गांव निवासी व्यक्ति ने गांव के ही चार लोगों पर प्रधान भाई व उसके साथी के साथ ब्लॉक में मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने डीजीपी से पूरे मामले की शिकायत की है, मामला संज्ञान में आने पर डीजीपी ने रिपोर्ट दर्ज किए जाने का आदेश दिया है। डीजीपी के आदेश पर पुलिस ने गुरुवार को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम सरायऊद निवासी राजेश कुमार ने पुलिस महानिदेशक को भेजे शिकायतीपत्र में बताया कि उसका भाई गोपाल प्रधान है। सात जुलाई को वह गोपाल और गांव के अनिल के साथ ब्लॉक मुख्यालय गए थे। आरोप है कि वहां पर गांव के नितेश, महेंद्र, प्रदीप और सत्येंद्र ने गाली गलौज किया। विरोध करने पर उसे, प्रधान गोपाल और अनिल के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। आरोप लगाया कि तहरीर पर थाना पुलिस ने भी कार्रवाई नहीं की। डीजीपी के आदेश पर पुलिस ने गुरुवार को चारों हमलावरों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ अमरजीत सिंह ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।