हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराई गई गर्भवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पति ने अस्पताल संचालकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आठ लोगों के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पेढ़वा निवासी योगेंद्र मिश्र की पत्नी शोभा मिश्रा सात माह की गर्भवती थी। योगेंद्र ने बताया कि बुधवार को पेट में दर्द होने पर पत्नी शोभा को लेकर शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में गए थे, लेकिन वहां चिकित्सक नहीं मिले। अस्पताल परिसर में ही मौजूद मिले एक व्यक्ति ने प्राइवेट कार से मंगलीपुरवा स्थित अस्पताल में अच्छा इलाज होने की बात कहकर भेज दिया। यहां तीस हजार रुपये जमा करा लिए गए, लेकिन कोई चिकित्सक देखने नहीं आया। अस्पताल के कर्मचारी आकर देखते रहे, आधी रात के बाद शोभा की मौत हो गई, जब इसकी शिकायत अस्पताल के काउंटर पर की तो पड़ोस में स्थित मेडिकल स्टोर के मालिक और कर्मचारी वहां आकर मारपीट करने लगे। इस पर योगेंद्र ने यूपी 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने योगेंद्र को बचाया। इसके बाद योगेंद्र अपनी पत्नी का शव लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचा और मोर्चरी में रखवा दिया। शहर कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। डॉ. मोहम्मद सईद, सौरभ दीक्षित, डॉ. धीरेश पांडेय, एकलाख आलम, इलियाश, इरफान, सिराज और रोहित कुमार के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज की गई है।