हरदोई। संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मीरनगर ग्राम से प्रधान पद के दो दावेदारों के घरों पर मतदाताओं को दावत देने के मामले में पुलिस ने दोनों प्रत्याशियों समेत कुल 56 लोगों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाल सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात सूचना मिली कि ग्राम ग्राम मीरनगर के मजरा हकीमखेड़ा निवासी प्रधान पद के प्रत्याशी सत्तार के घर के अंदर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं और दावत चल रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिस पर वहां मौजूद लोग तितर बितर हो गए। कोतवाल ने बताया कि इस मामले मेें प्रत्याशी सहित 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं ग्राम तकिया मजरा मीर नगर निवासी रफीक गाजी के घर पर चुनाव के कारण दावत किए जाने पर 11 लोगों को नामजद करते हुए 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।