हरदोई। लगातार हो रही जिला बदर की कार्रवाई से शराब माफिया में खलबली है। सपा नेता सुभाष पाल, सांडी की पूर्व पालिकाध्यक्ष के पति रामजी गुप्ता के बाद अब पिहानी के पूर्व ब्लाक प्रमुख जेपी गुप्ता को भी छह माह के लिए जिला बदर कर दिया गया है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक शाहाबाद निवासी एक और शराब माफिया पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
जनपद में लंबे समय तक शराब का अवैध कारोबार होता रहा है। गैर प्रांतों में बिक्री के लिए अनुमन्य शराब को जनपद में खपाने से लेकर अपमिश्रित शराब को ब्रांडेड बोतलों में भरकर बेचने तक के मामले जनपद में पकड़े जा चुके हैं। पिछले कुछ समय से शराब माफिया के विरुद्ध लगातार कड़ी कार्रवाई जिला प्रशासन कर रहा है। गत माह ही सपा नेता सुभाष पाल को डीएम ने छह माह के लिए जिला बदर कर दिया था, तो दो दिन पहले सांडी नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष रितु गुप्ता के पति रामजी गुप्ता को भी जिला बदर कर दिया गया। अब पिहानी के पूर्व ब्लाक प्रमुख जय प्रकाश गुप्ता उर्फ जेपी को भी छह माह के लिए जिला बदर कर दिया गया है। कुल मिलाकर डीएम अविनाश कुमार के सख्त रुख से माफियाओं में खलबली मची हुई है।