हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के पिहानी चुंगी के पास निर्माणाधीन मकान का छज्जा चहारदीवारी बनाते समय ढह गया। छज्जे से गिरकर राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला चिकित्सालय में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम किसाननपुरवा निवासी आत्माराम (50) राज मिस्त्री था। सोमवार को वह देहात कोतवाली क्षेत्र के पिहानी चुंगी निवासी हरेंद्र सिंह के मकान की तीसरी मंजिल पर छज्जे की चहारदीवारी बना रहा था। इसी दौरान छज्जा ढह गया। छज्जा ढहने से आत्माराम गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हरेंद्र सिंह ने मजदूरों की मदद से आत्माराम को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से आत्माराम के परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शहर कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि फिलहाल घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।