हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के गोलहुरा झाले पर चारा मशीन चलाने के लिए इंजन चलाते समय पट्टे में फंसकर क्षेत्र पंचायत सदस्य की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
वाजिदनगर से क्षेत्र पंचायत सदस्य निशान सिंह (22) पिहानी कोतवाली क्षेत्र के गोलहुरा झाले पर रहते थे। बुधवार की देर शाम वह मवेशियों के चारा काटने की मशीन में लगा इंजन चला रहे थे। अचानक इंजन के पट्टे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मशक्कत कर परिजनों ने उसे पट्टे से निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिहानी ले गए। पिहानी से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन परिजन उसे उपचार के लिए शाहजहांपुर ले गए। वहां भी हालत गंभीर बताकर चिकित्सक ने बरेली रेफर कर दिया। बरेली ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।