सवायजपुर (हरदोई)। लोनार कोतवाली क्षेत्र में सवायजपुर तहसील के पास बिल्हौर-कटरा मार्ग पर मंगलवार तड़के बाइक सवार सिपाही गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने छुट्टा मवेशी के टकराने तो पुलिस ने अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने का दावा किया है।
हरियाणा के झज्जर जनपद के सालाबास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिलोहर निवासी गुलशन शर्मा (27) यूपी पुलिस में सिपाही था। इन दिनों उसकी तैनाती बुलंदशहर जनपद में थी। इससे पहले वह हरदोई जनपद में ही तैनात था। सोमवार को वह किसी कार्य से हरदोई आया था। मंगलवार तड़के बाइक से वापस बुलंदशहर जा रहा था। लोनार कोतवाली क्षेत्र में बिल्हौर-कटरा मार्ग पर सवायजपुर तहसील के पास वह गंभीर हालत में जख्मी पड़ा मिला। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर घूम रहे छुट्टा मवेशी से टकराकर बाइक अनियंत्रित हो गई, लेकिन पुलिस का दावा है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से सिपाही बाइक समेत सड़क पर गिर गया। ग्रामीणों की सूचना पर सवायजपुर चौकी प्रभारी मो. कय्यूम मौके पर पहुंच गए और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर पहुंचाया। यहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में कुछ देर बाद ही गुलशन की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।