हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदेाई-बिलग्राम मार्ग पर फतियापुर के निकट बाइक सवार ने पैदल जा रहे किसान को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार और अधेड़ दोनों ही घायल हो गए। दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां किसान ने दम तोड़ दिया।
ग्राम फतियापुर निवासी शिवराम (56) खेती करते थे। बीते रविवार की रात वे खेतों से मवेशी भगाने गए थे। इसके बाद वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान बिलग्राम की ओर से बाइक से आ रहे सर्रा निवासी वीरेंद्र अनियंत्रित होकर शिवराम से टकरा गए। घटना में शिवराम और वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। रविवार देर रात शिवराम की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को पेास्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसान के परिवार में पत्नी मंजू देवी और दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। सुरसा थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।