हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरोहरी-अटवा मार्ग पर दो बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई। घटना में एक बाइक पर सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उसका दामाद घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम फैजपुर कंपू निवासी परमेश्वर बख्श सिंह (53) खेती करते थे। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। रविवार को वे दवा लेने के लिए हरदोई में एक चिकित्सक के यहां गए थे। यहीं से उनका दामाद आलोक (28) निवासी अटवा कटैया कोतवाली बेनीगंज उसे अपने साथ बाइक से अटवा कटैया ले जा रहा था। हरदोई-सीतापुर मार्ग से सिकरोहरी-अटवा मार्ग पर दूसरी तरफ से आ रही बाइक ने आलोक की बाइक में टक्कर मार दी। घटना में परमेश्वर, आलोक और दूसरी बाइक पर सवार ग्राम अटवा निवासी मनीष (35), सोनू (22) और रवि (29) भी घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से पांचों को जिला अस्पताल भेजा गया। यहां चिकित्सक ने परमेश्वर को मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर होने के कारण आलोक और सोनू को लखनऊ रेफर कर दिया गया, जबकि मनीष और रवि का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। मृतक परमेश्वर के परिवार में एक विवाहित पुत्री और दो विवाहित पुत्र हैं। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।