हरदोई। सांडी के ग्राम जजवासी स्थित भट्ठे के पास खेलते वक्त सड़क पर आए पांच वर्षीय बालक को वहां से गुजर रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। घायल बालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम निजामपुर निवासी मुशीद सांडी के ग्राम जजवासी स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। वह परिवार के साथ ही भट्ठे पर ही रहता है। गुरुवार की सुबह उसका बेटा जोएल (5) खेलते वक्त सड़क पर आ गया। इस बीच सांडी की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में जोएल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन व आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। इस बीच चालक पिकअप लेकर भाग गया। बाबा रईस व अन्य परिजन आनन फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि जोएल तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।