हरदोई। पॉलिटेक्निक में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। सिविल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियर बनने के लिए विद्यार्थियों ने सीट लाॅक करना शुरू कर दिया है। जिले की तीनों पॉलिटेक्निक के लिए काउंसलिंग शुरू हो गई है।
जनपद में तीन राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं। इनमें एक पूर्ण राजकीय और दो पीपीपी मॉडल पर संचालित हैं। राजकीय पॉलिटेक्निक हरदोई में सिविल इंजीनियर, इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर और आर्किटेक्चरल असिस्टेंटशिप के प्रशिक्षण की व्यवस्था है। वहीं राजकीय पॉलिटेक्निक संडीला में सिविल इंजीनियर, इलेक्ट्रिकल इंजीनियर, मैकेनिकल इंजीनियर और राजकीय पॉलिटेक्निक गोपामऊ में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर, मैकेनिकल इंजीनियर, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग का प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। सभी के लिए काउंसलिंग शुरू हो गई है।
प्रधानाचार्य कविता तिवारी ने बताया कि प्रथम चरण की काउंसलिंग चल रही है। सीट रिक्त रहने तक आवेदकों को रैंक के अनुसार मौका दिया जाएगा। काउंसलिंग कई चरणों में चलेगी।