हरदोई। यूपी टीईटी की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने शुक्रवार को केंद्र व्यवस्थापकों व सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ बैठक कर दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान कोविड-19 का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर कोविड-19 डेस्क अनिवार्य रूप से बनाई जाएगी। हर केंद्र पर एक अतिरिक्त कक्ष परीक्षा के लिए तैयार किया जाएगा। जिसमें पॉजिटिव मिलने वाले परीक्षार्थी बैठेंगे।
उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट व सचल दस्ते को निरंतर भ्रमण करते रहने के निर्देश दिए हैं।
कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर मास्क, थर्मल स्कैनर, ऑक्सीमीटर, सैनिटाइजेशन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बता दें कि जनपद के 25 सेंटरों पर टीईटी 23 जनवरी को होनी है। इनमें 15354 छात्र-छात्राएं बैठेंगे। 13 सेक्टर, 25 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 25 पर्यवेक्षक, तीन सचल दलों की देखरेख में परीक्षा होगी। सचल दल में डायट प्राचार्य, डीआईओएस व बीएसए रहेंगे। वहीं 25 सेंटरों को 13 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।