जिले में शनिवार को दंपति सहित 10 प्रवासियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 32 हो गई है। इनमें 30 एक्टिव केस हैं, जिनमें दो गर्भवती सहित तीन महिलाएं शामिल हैं। पॉजिटिव सभी लोगों को बावन में कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला अस्पताल से 21 मई को कोरोना की जांच के लिए भेजे गए नमूनों में से 62 की रिपोर्ट शनिवार को आ गई। इनमें 52 की रिपोर्ट निगेटिव है, जबकि 10 पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव लोगों में दो बावन विकास खंड के ग्राम सकाहा निवासी दंपति हैं। दोनों दिल्ली से लौटे हैं और महिला गर्भवती है।
इसके अलावा पिहानी विकास खंड के ग्राम जाजूपारा निवासी तीन लोग पॉजिटिव मिले हैं। इनमें चाचा-भतीजा भी शामिल हैं। ये तीनों महाराष्ट्र में काम करते थे और 11 मई को लौटे थे।
संडीला तहसील क्षेत्र के ग्राम मल्हेरा, मीनापुर, पेंग, मीतौ और संडीला कस्बे के मोहल्ला मलकाना निवासी एक-एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। ये लोग भी महाराष्ट्र से लौटे हैं। संडीला में पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों को राजकीय बालिका इंटर कालेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था।
अब इन्हें एसडीएम मनोज श्रीवास्तव और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडीला के अधीक्षक डा. शरद वैश्य की निगरानी में एंबुलेंस से बावन के कोविड-19 अस्पताल भेज दिया गया।
सकाहा के संक्रमित दंपति को बावन सीएचसी के अधीक्षक डा. प्रभाकर त्रिपाठी ने कोविड-19 अस्पताल भेज दिया।
पिहानी के जाजूपारा निवासी तीनों युवक कस्बे में जीजीआईसी में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में 20 मई से रुके थे। एसडीएम शाहाबाद एपी श्रीवास्तव, पिहानी सीएचसी के अधीक्षक डा. जितेंद्र क्वारंटीन सेंटर पहुंचे तीनों को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया।