हरदोई। जिले में बिना बिलिंग वाले बिजली उपभोक्ताओं को विभागीय एप खोजेगा। विभाग की ओर से एप पर जीओ टैगिंग के साथ विवरण फीड करने का कार्य शुरू किया गया है। इससे जहां उपभोक्ताओं की बिलिंग में पारदर्शिता आएगी, वहीं बिना बिलिंग वाले उपभोक्ताओं बिलिंग शुरू हो जाने से विभाग का राजस्व भी बढ़ेगा।
जिले में वर्तमान में विभाग में चार लाख 54 हजार 731 बिजली उपभोक्ता का विवरण ऑनलाइन हैं। इन उपभोक्ताओं में करीब 79 हजार उपभोक्ता ऐसे है, जो खोजे नहीं मिल रहे हैं। इससे इन उपभोक्ताओं की नियमित बिलिंग नहीं हो पा रही है। वहीं जिन उपभोक्ताओं की बिलिंग हो रही है, उसमें निजी कंपनी की ओर से लगाए गए मीटर रीडर मनमानी कर रहे हैं।
इससे उपभोक्ता को सही बिल नहीं मिल पा रहे हैं। जिससे विभाग में बिल गड़बड़ी की सबसे अधिक शिकायतें आती हैं। विभाग की ओर से बिलिंग व्यवस्था को बेहतर करने और उपभोक्ताओं की शिकायतें दूर करने के लिए असिस्टेंड मीटर रीडिंग एप लांच किया गया है।
इससे उपभोक्ता के मीटर की जीओ लोकेशन दर्ज होगी और उसके बाद उपभोक्ता का पूरा विवरण और मीटर रीडिंग व लोड दर्ज किया जाएगा। ताकि उपभोक्ताओं को सही बिल मिल सके। उपभोक्ता भी उसकी मोबाइल एप के माध्यम से जांच कर सकेंगे।
उपभोक्ताओं के लिए कंज्यूमर एप भी बनाया गया है। उपखंड अधिकारी केपी सिंह ने बताया कि एप के माध्यम से जीओ लोकेशन व विवरण दर्ज करने का कार्य शुरू किया गया है।