हरदोई। दो दिन से सर्वर न होने से बिजली बिल जमा नहीं हो पा रहे हैं। उपभोक्ता काउंटर पर लाइन लगाते हैं लेकिन काफी देर तक जब सर्वर नहीं आता तो वापस लौट जाते हैं। लोगों ने इस अव्यवस्था पर नाराजगी जताई है। कहा कि रोजाना कई घंटे इसी में बर्बाद हो जाते हैं। नौकरीपेशा और व्यापारी इस समस्या से खासे परेशान हैं।
शहर के बिजली उपभोक्ताओं के बिजली बिल जमा करने के लिए तीन स्थान पर जमा काउंटर बने हुए हैं। इनमें विद्युत वितरण खंड द्वितीय कार्यालय, उपखंड कार्यालय सदर, उपखंड कार्यालय कोयल बाग कालोनी शामिल हैं। इन काउंटर पर सर्वर न होने के कारण दो दिन से बिजली बिल जमा नहीं हो पा रहे हैं। उपभोक्ता बिल जमा किए बिना ही लौट रहे हैं। हाल यह है कि बिल जमा करने के लिए उपभोक्ता एक काउंटर से दूसरे काउंटर के चक्कर काट रहे हैं, मगर उनकी समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। शुक्रवार को भी तीनों काउंटर पर सर्वर न होने के कारण बिल जमा नहीं हो सके।
बिल में नहीं हुआ संशोधन
उपभोक्ताओं के बिल में सितंबर में जमा की गई धनराशि भी जुड़ कर आ रही है। धनराशि के साथ उस पर ब्याज भी लग रहा है। उपभोक्ता विभाग के चक्कर काट रहे हैं। मगर उनकी समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है।
फिर जन सुविधा केंद्र संचालक ने जमा किए बिल
विद्युत वितरण खंड द्वितीय कार्यालय पर शुक्रवार को सर्वर न होने पर वहां पर एक जन सुविधा केंद्र संचालक को बैठा दिया गया। जो लैपटॉप से बिल जमा कर रहा है। सितंबर में भी सीएचसी संचालक के कारण उपभोक्ताओं को दो माह से बकाया बिल की समस्या से जूझना पड़ रहा है।