मुख्य विकास अधिकारी निधी गुप्ता वत्स ने गुरुवार को भरखनी विकास खंड के भाहपुर सपहा गांव में निर्माणाधीन गो संरक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोशाला के चारों तरफ खाई और फेंसिंग का कार्य 30 दिसंबर तक पूरा कराने के निर्देश कार्यदायी संस्था के अभियंताओं को दिए। 15 जनवरी तक गोशाला का निर्माण पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
भरखनी विकास खंड के भाहपुर सपहा गांव में वृहद गो संरक्षण केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। एक करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बन रही इस गोशाला के निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग के खंड एक को सौंपी गई है।
गुरुवार को सीडीओ निधी गुप्ता वत्स निरीक्षण के लिए भाहपुर सपहा पहुंचीं। यहां उन्होंने निर्माणाधीन कैटल शेड देखे। सीडीओ ने निर्देश दिए कि गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखा जाए।
निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्माणाधीन गोशाला में सोलर लाइट व विद्युतीकरण के लिए नेडा व विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश अधिशासी अभियंता एचडी अहिरवार को दिए।
खाई और फेंसिंग का कार्य 30 दिसंबर तक और पूरी गोशाला के निर्माण का कार्य 15 जनवरी तक पूरा कराने के निर्देश सीडीओ ने दिए। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. जेएन पांडेय, खंड विकास अधिकारी विद्याशंकर कटियार, अवर अभियंता सुरेंद्र राठौर आदि मौजूद रहे।