हरदोई। जिले में सेट टाप बाक्स के नाम पर हो रही अवैध वसूली को रोके जाने सहित विभिन्न समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर मंगलवार को यूथ कांग्रेस के बैनर तले कांग्रेसियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन आवागमन बंद कर दिया। नौ सूत्री मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंप कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस प्रदेश सचिव अजय सिंह ने कहा कि जिले में केबिल कनेक्शनधारकों को डेन सेट टाप बाक्स निर्धारित मूल्य 750-999 रुपये के बजाये 1250-1500 रुपये पर दिया जा रहा है। इसकी कोई रसीद भी उपभोक्ताओं को नहीं दी जा रही है। इसकी जांच कराकर लोगों का पैसा वापस कराया जाए और दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। यूथ अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने कहा कि बस बिल्डिंग चौराहे से रामदत्त चौराहे तक और रेलवे गंज चौकी से स्टेट बैंक तक अतिक्रमण हटवाया जाए तालाब व पोखरों से भी अतिक्रमण हटवाया जाए।
आटो रिक्शा से की जा रही अवैध वसूली को बंद किया जाए। नजूल की भूमि पर सालों से रहने वाले लोगों को मालिकाना हक दिया जाया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने डीएम रमेश मिश्र को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा भड़ायल में कृषि भूमि को दबंगों से छुड़वाए जाने, ग्राम कचनारी हरियावां में पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त कराने एवं सदर, सवायजपुर व शाहाबाद में किसानों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। इस मौके पर शहर अध्यक्ष शशि भूषण शुक्ल, ओमेंद्र वर्मा, प्रेम प्रकाश वर्मा, अनुपम दीक्षित, अजीमुश्शान, भुवनेश प्रताप सिंह, विमलेश कठेरिया आदि मौजूद रहे।