कांग्रेसियों ने पोती शहर में लगी पीएम मोदी की होर्डिंग।
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। प्रांतीय आह्वान पर रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमताें में हुई वृद्धि पर जिले के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख चौराहों पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी करते हुए कांग्रेसियों ने पेट्रोल टंकियों पर लगी पीएम मोदी की होर्डिंग पर भी कालिख लगा दी।
प्रदर्शन से पूर्व राजीव भवन में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष मिथलेश सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस पार्टी की योजनाओं का नाम बदलकर उनकी रीपैकजिंग कर रहे हैं। जनता उनका झूठ जान गई है। शहर अध्यक्ष शशि भूषण शुक्ल ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में महंगाई ला दी है। अपने चुनाव में पैसा खर्च करने वाले लोगों को मालामाल करने के लिए करों की दरों को बढ़ाया है। आम आदमी का इस महंगाई में जीना दुश्वार हो गया है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष, शहर अध्यक्ष व महासचिव की अगुवाई में पेट्रोल टंकियों पर लगी होर्डिंग पर कालिख पोती गई। कांग्रेसियों ने एक होर्डिंग पूजा होटल के पास तो दूसरी लखनऊ रोड पर चुंगी के पास पेट्रोल पंप पर होर्डिंग पर कालिख पोती। इस मौके पर महासचिव राजीव कुमार, रामेश्वर प्रसाद, सुख सागर मिश्र, अजीत सिंह, सुनीता, डा. श्याम प्रकाश शुक्ला, सत्यबोध प्रकाश, सरोज चंदेल, गुलाब सिंह, विक्रम पांडे, ओमेंद्र वर्मा, रामलखन गौतम, अतुल वर्मा आदि मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों से कांग्रेसियों की झड़प
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों की सीओ सिटी रामलाल राय व एसडीएम पप्पू गुप्ता से बहस हो गई। अधिकारियों ने कालिख पोतने की बात का विरोध किया लेकिन कांग्रेसियों ने कालिख पोत दी।