पिहानी में जनसभा को संबोधित करते बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी।
- फोटो : अमर उजाला
पिहानी। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव व विधान परिषद में नेता विरोधी दल नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने सोमवार को जनसभा कर मुस्लिमों पर डोरे डाले। भाषण के दौरान उन्होंने भाजपा एवं सपा- कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधा। कहा कि नोटबंदी के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी वादाखिलाफी से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश की है।
हामिद अली इंटर कालेज मैदान पर आयोजित जनसभा में तय समय से तकरीबन एक घंटे की देरी से पहुंचे बसपा के स्टार प्रचारक नसीमुद्दीन ने ‘अज़ान’ होने पर भाषण रोक दिया। तकरीर में स्थानीय मुद्दों से दूरी रखते हुए उन्होंने दादरी, सीओ हत्याकांड, मुजफ्फरनगर की याद दिलाते हुए मुस्लिमों से सपा- कांग्रेस के बहकावे में न आने की अपील की। सपा- कांग्रेस पर देश को बर्बाद कर देने का आरोप लगाया। उन्होंने गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी मीना वर्मा और शाहाबाद से प्रत्याशी आसिफ खां बब्बू के लिए जनता से वोट मांगे। जनसभा को प्रत्याशी शाहाबाद आसिफ खां बब्बू, गोपामऊ प्रत्याशी मीना वर्मा, इंतजार आबिदी, हाफिज अब्दुल अहद, दीन दयाल वर्मा, प्रदीप राजवंशी, शोजब जैदी आदि ने भी संबोधित किया। संचालन नेकपाल भारती ने किया।