हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को टड़ियावां विकास खंड के बरगावां अहरापुर और ओदरा गांव के आंगनबाड़ी केंद्रों व प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय ओदरा में कंपोजिट ग्रांट रजिस्टर और स्टॉक रजिस्टर अधूरा मिलने पर प्रधानाध्यापक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और खंड शिक्षा अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश सीडीओ ने दिए हैं। जतुली उच्च प्राथमिक विद्यालय निर्धारित समय से पहले बंद मिलने पर भी सीडीओ ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पोषण अभियान मिशन 120 के तीसरे चरण में चयनित आंगनबाड़ी केंद्र बरगावां में सीडीओ ने मौजूद बच्चों का वजन करवाकर देखा। यहां अति कुपोषित बच्ची इशिका को जिलापोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने के निर्देश मुख्य सेविका को दिए। साथ ही ज्ञान वर्धक वॉलपेटिंग कराने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने प्राथमिक पाठशाला अहरापुर और प्राथमिक विद्यालय ओदरा का निरीक्षण किया। ओदरा में कंपोजिट ग्रांट रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर अधूरा पाए जाने पर प्रधानाध्यापक शैलेंद्र कुमार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश सीडीओ ने दिए हैं। टड़ियावां के खंड शिक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश का वेतन रोकने के निर्देश भी सीडीओ ने बीएसए को दिए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने हरियावां विकास खंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय जतुली का भी औचक निरीक्षण किया। यहां दोपहर बाद दो बजकर 38 मिनट पर स्कूल बंद मिला। सीडीओ ने इसके लिए विद्यालय में तैनात जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी बीएसए को दिए हैं।