पिछले दिनों से निकल रही धूप से सर्दी से राहत रहने के बाद बुधवार को मौसम के मिजाज फिर बदल गए। दिन भर बादल छाए रहे और सुबह देर तक कोहरा रहने से सर्दी फिर बढ़ गई।
वातावरण में ठंड बढ़ने के साथ गलन महसूस की गई। लोग अलाव ताप कर ठंड से लड़ते रहे। बुधवार को तापमान का अधिकतम स्तर 13.0 एवं न्यूनतम 10.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
बुधवार को मौसम के तेवर फिर तीखे हो गए। इससे लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ। सुबह देर तक कोहरा छाए रहने के बाद पूरे दिन बादल छाए रहे। बादलों को चीर कर सूर्यदेव बाहर नहीं निकल पाए। इससे देर शाम तक तापमान लुढ़ककर 10.0 डिग्री पर आ गया और भीषण ठंड के अहसास के साथ लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
शहर के राजकीय इंटर कालेज स्थित मौसम वेधशाला के प्रभारी जयशंकर मिश्र ने कहा कि सूरज न निकलने से गत दिन की अपेक्षा ठंड बढ़ गई। अभी तापमान में और गिरावट के आसार हैं।
एकाएक बढ़ी ठंड से लोग इधर-उधर अलाव तलाशते नजर आए। कोहरे और धुंध से ट्रेनों के संचालन पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। कुछ ट्रेनों का आवागमन भी विलंब से हुआ।