शहर में तीसरे दिन सड़क पर अतिक्रमण करने वालों को
सड़क किनारे से हटाया गया और स्थायी अतिक्रमणकारियों पर जुर्माना लगाया
गया। गुरुवार को नुमाइश चौराहे से पिहानी चुंगी तक अतिक्रमण साफ कराया गया,
ताकि शहरवासियों को जाम से निजात मिल सके।
एसपी उमेश सिंह ने निर्देश
पर यातायात व्यवस्था को सुचारु चलाने को शहर में चौराहाें और सड़क पर से
अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को एएसपी पूर्वी बीसी
दुबे के नेतृत्व में नुमाइश चौराहे से पिहानी चुंगी तक अतिक्रमण हटाओ
अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़क पर अतिक्रमण करने वालों को हटाया
गया और चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण किया तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान अतिक्रमण दस्ते को आते देख व्यापारियों में अफरा तफरी मच गई और
वह स्वयं ही बाहर रखा सामान उठा ले गए। वहीं पटरी पर रखे खोखों को भी हटा
दिया गया।
कई दुकानों के बाहर लगे टीन शेड तोडे़ गए। कई अवैध गुमटियोें को
रास्ते से हटाया गया। इससे अतिक्रमणकारियों में भगदड़ मच गई। इस दौरान
स्थायी अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना वसूला गया। एएसपी दुबे ने कहा कि
सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले स्वयं ही अतिक्रमण हटा लें और सभी व्यापारी
शहर के यातायात को सुचारु चलने में सहयोग करे। अपनी दुकान का सामान दुकान
के अंदर ही रखे।
कहा कि अगर दुकान के बाहर अतिक्रमण मिलता है तो सामान जब्त
कर लिया जाएगा, साथ ही जुर्माना के साथ विधिक कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार
को नुमाइश चौराहे से बिलग्राम चुंगी के बीच अतिक्रमण हटाया जाएगा। सभी
दुकानदार स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटा ले।
अतिक्रमण अभियान के दौरान सीटी
मजिस्ट्रेट लक्ष्मी शंकर सिंह, शहर कोतवाल नागेश मिश्र, देहात कोतवाल
परशुराम सिंह, एलआईयू प्रभारी हारून रशीद, दारोगा राजीव सिंह और पालिका
कर्मी आदि मौजूद थे।